स्वास्तिक गार्डेनिया में मंदिर की 10वीं वर्षगांठ पर दो दिवसीय धार्मिक आयोजन | AARCC LIVE NEWS VARANASI
स्वास्तिक गार्डेनिया सोसाइटी के स्वास्तिक मंदिर की 10वीं वर्षगांठ पर उमड़ा आस्था का सैलाब, दो दिवसीय धार्मिक आयोजन संपन्न
रिपोर्ट:- आलोक चतुर्वेदी/सचिनदेव
वाराणसी। शिवपुर स्थित स्वास्तिक गार्डेनिया सोसाइटी के प्रांगण में स्थापित स्वास्तिक मंदिर की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। 30 जुलाई को प्रारंभ हुए इस आयोजन का समापन 31 जुलाई को विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों, पूजा-अर्चना और विशाल भंडारे के साथ हुआ। कार्यक्रम में सोसाइटी के लगभग 200 से 250 महिला एवं पुरुष सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर धार्मिक आयोजनों का पुण्य लाभ प्राप्त किया।
आयोजन का शुभारंभ सोसाइटी की महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर मंदिर परिसर की परिक्रमा की। वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति गीतों के बीच निकली इस कलश यात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात विधि-विधान से कलश स्थापना कर अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे मनोयोग से भाग लिया।
दूसरे दिन भगवान शिव का विशेष श्रृंगार एवं रुद्राभिषेक किया गया। इसके साथ ही भगवान सत्यनारायण की कथा का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर कथा का श्रवण किया। कथा के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न हुआ और सभी की सुख-समृद्धि एवं समाज के कल्याण की कामना की गई।
धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में सोसाइटी के सभी परिवारों सहित आसपास के श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर स्वास्तिक गार्डेनिया सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. विपिन सिंह, सचिव शैलेंद्र प्रधान, कोषाध्यक्ष ईश्वर सिंह, पवन सिंह, अनंत सिंह तथा टावर प्रतिनिधि रेनू सिंह, मिर्जा शाही, प्राची सिंह, पल्लवी गुप्ता, डॉ. रमाशंकर सिंह, संतोष सिंह, प्रेम सिंह, डॉ. एसके शाहिल और उदय सिंह सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि स्वास्तिक मंदिर की स्थापना के दस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह धार्मिक कार्यक्रम केवल आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और पारिवारिक एकता का भी संदेश देता है। आयोजन के सफल संपादन पर सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।


















टिप्पणियाँ