गुरुपूर्णिमा महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ, रामेश्वर मठ में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब | AARCC LIVE NEWS VARANASI
गुरुपूर्णिमा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, रामेश्वर मठ में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
रिपोर्ट/ आलोक चतुर्वेदी / सचिन देव
वाराणसी, 28 जुलाई। काशी स्थित श्री रामेश्वर मठ में गुरुपूर्णिमा महोत्सव 2026 का मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन देश के विभिन्न राज्यों के अलावा अमेरिका, कनाडा और दुबई सहित विदेशों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पूज्य गुरुदेव के दर्शन और सत्संग का लाभ लिया।
इस अवसर पर काशी धर्म पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ जी महाराज का चातुर्मास भी प्रारंभ हुआ, जो आगामी दो माह तक चलेगा। चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन प्रातः एवं सायं सत्संग, धर्मोपदेश, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
प्रथम दिवस के सत्संग में जगद्गुरु शंकराचार्य ने गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाला नहीं, बल्कि शिष्य के जीवन का मार्गदर्शक, संस्कारों का संवाहक और आत्मकल्याण का पथ प्रदर्शक होता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म, सेवा, साधना और भारतीय संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया।
महोत्सव में सिगरा थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, संत-महात्मा और देश-विदेश से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे मठ परिसर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से चातुर्मास के दौरान होने वाले सत्संग, धार्मिक अनुष्ठानों और भंडारे में सहभागी बनकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।










टिप्पणियाँ