100 विद्यालयों में होगी गीता ज्ञान प्रतियोगिता-2026, 2 अक्टूबर से होगा शुभारंभ | AARCC LIVE NEWS VARANASI
100 विद्यालयों में होगी गीता ज्ञान प्रतियोगिता, 2 अक्टूबर से होगा शुभारंभ
महामना विद्यालय में पोस्टर विमोचन के साथ प्रतियोगिता का शंखनाद, कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थी होंगे शामिल
वाराणसी। बच्चों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और भगवद्गीता के ज्ञान से जोड़ने के उद्देश्य से गीता ज्ञान प्रतियोगिता-2026 का आयोजन इस वर्ष वाराणसी के 100 विद्यालयों में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर से होगा। इसके लिए विद्यालयों की अग्रिम बुकिंग शुरू कर दी गई है।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय स्थित महामना विद्यालय में महामना संस्कार पुस्तकालय, वाराणसी एवं महामना मालवीय मिशन (बीएचयू इकाई) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं गीता के अग्रणी उपासक भारतरत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
पोस्टर का विमोचन महामना विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती मीनू सिंह एवं गणमान्य अतिथियों ने किया। मुख्य अतिथि एवं महामना मालवीय मिशन (बीएचयू इकाई) के कार्यकारी अध्यक्ष विजय नाथ पाण्डेय ने कहा कि महामना मालवीय जी का उद्देश्य केवल रोजगारपरक शिक्षा देना नहीं था, बल्कि प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय से देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव एवं संस्कारों से युक्त सुयोग्य नागरिक तैयार करना था। उन्होंने विद्यार्थियों को गीता के अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को महामना मालवीय मिशन (बीएचयू इकाई) की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
महामना विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती मीनू सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों पर बढ़ते मानसिक दबाव, सोशल मीडिया और गैजेट के प्रभाव तथा नैतिक चुनौतियों के बीच गीता का ज्ञान उनके लिए मानसिक एवं नैतिक ढाल का काम कर सकता है। गीता बच्चों को अनुशासन, समता, संवेदनशीलता और सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देकर जिम्मेदार नागरिक बनने में सहायता कर सकती है।
31 विद्यालयों से बढ़कर 100 विद्यालयों तक पहुंचा आयोजन
प्रतियोगिता के मुख्य संयोजक अखिलेश कुमार राय ने बताया कि पिछले सत्र में वाराणसी के 31 विद्यालयों के करीब 14 हजार बच्चों ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता की थी। बच्चों की शानदार भागीदारी को देखते हुए इस वर्ष आयोजन को विस्तार देते हुए 100 विद्यालयों तक पहुंचाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। बच्चों की सुविधा के लिए प्रतियोगिता उनके अपने विद्यालय में ही विद्यालय प्रशासन के सहयोग से आयोजित की जाएगी, जिससे उन्हें आवागमन की परेशानी न हो और उनका समय भी बच सके।
दो चरणों में होगी प्रतियोगिता
गीता ज्ञान प्रतियोगिता के दो प्रमुख आयाम होंगे—गीता ज्ञान क्विज प्रतियोगिता और गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता। विद्यालय प्रशासन की सुविधा के अनुसार प्रस्तावित तारीख और समय निर्धारित किया जा रहा है। 100 विद्यालयों के लिए प्रतियोगिता का कार्यक्रम ‘पहले आएं, पहले पाएं’ के आधार पर तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य संयोजक अखिलेश कुमार राय ने अपना स्वरचित गीत “गीता ज्ञान प्रतियोगिता में जाएंगे हम, गीता महोत्सव मनाएंगे हम” प्रस्तुत किया। गीत पर बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यालय की अध्यापिकाओं ने बच्चों को भगवद्गीता से जोड़ने वाले इस आयोजन को वर्तमान परिवेश में उनके लिए संजीवनी बूटी बताया।
प्रतियोगिता में सहभागिता एवं विद्यालय के लिए तारीख निर्धारित कराने के लिए 9958870349 और 6393994292 पर संपर्क किया जा सकता है।












टिप्पणियाँ