बिजली और कच्चे माल की महंगाई का असर: 10 सितंबर से बुनकरों के तैयार माल पर 10-15% दाम बढ़ाने की अपील | AARCC LIVE NEWS VARANASI
बुनकरों के तैयार माल के दाम 10 से 15 प्रतिशत बढ़ाने की अपील, 10 सितंबर से लागू होगा नया मूल्य
वाराणसी। बिजली की बढ़ी दरों और कच्चे माल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से बुनकरों पर बढ़ते आर्थिक दबाव के बीच गिरस्ता एवं व्यापारी बंधुओं ने तैयार माल के मूल्य में 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि करने का निर्णय लिया है। यह मूल्य वृद्धि 10 सितंबर 2026 से लागू करने की अपील की गई है।
बुनकर उद्योग मंडल के महासचिव जुबैर आदिल ने बताया कि बिजली की दरों में पहले की तुलना में करीब सात गुना वृद्धि होने से बुनकर पहले से ही आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं। वहीं, कच्चे माल यार्न की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। कच्चे माल के दाम लगातार बढ़ने से उत्पादन लागत में भी काफी इजाफा हुआ है।
उन्होंने बताया कि बढ़ी हुई उत्पादन लागत को देखते हुए गिरस्ता एवं व्यापारी बंधुओं की बैठक में तैयार माल, जिसमें साड़ी, सूट एवं अन्य कपड़े शामिल हैं, के मूल्य में 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि करके बिक्री करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, उत्पादन लागत के अनुरूप माल के मूल्य में वृद्धि होने पर कारीगरों की मजदूरी में भी बढ़ोतरी की जाएगी।
बुनकर बिरादराना तंजीम, बुनकर उद्योग मंडल एवं हिंदू बुनकर कल्याण समिति की ओर से सभी गिरस्ता एवं व्यापारी बंधुओं से अपील की गई है कि वे 10 सितंबर से अपने तैयार माल को 10 से 15 प्रतिशत बढ़े हुए मूल्य पर ही बेचें और इस निर्णय में सहयोग प्रदान करें।
जुबैर आदिल, महासचिव, बुनकर उद्योग मंडल ने सभी संबंधित व्यापारियों से एकजुट होकर सहयोग करने का आग्रह किया है।







टिप्पणियाँ