वनिता इंस्टीट्यूट में चार दिवसीय ओरिएंटेशन संपन्न, फैशन विशेषज्ञों ने छात्राओं को दिए सफलता के सूत्र | AARCC LIVE NEWS VARANASI
वनिता इंस्टीट्यूट के ओरिएंटेशन में फैशन से लेकर स्वास्थ्य तक का मिला व्यावहारिक ज्ञान
रिपोर्ट/आलोक चतुर्वेदी / सचिन देव
वाराणसी, 18 जुलाई। लहुराबीर स्थित वनिता इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन एंड डिजाइन (वनिता पॉलिटेक्निक) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ पर चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी छात्राओं को फैशन उद्योग, स्वास्थ्य जागरूकता, टेक्सटाइल डिजाइन, ब्रांडिंग एवं करियर की संभावनाओं से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस संस्थान के संयोजक धवल प्रकाश ने कहा कि "फैशन केवल कपड़े पहनने का तरीका नहीं, बल्कि आत्म-अभिव्यक्ति, हमारी संस्कृति, सोच और सामाजिक स्थिति का दर्पण है। यह लोगों को जोड़ने के साथ आर्थिक और कलात्मक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।" वहीं वाराणसी के प्रसिद्ध डिजिटल क्रिएटर एवं फोटोग्राफर रजत गुप्ता ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों को दुनिया के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता सत्र के अंतर्गत आईएमएस, बीएचयू के डिपार्टमेंट ऑफ बायोकेमिस्ट्री के प्रमुख डॉ. कमलेश एम तथा प्रसिद्ध स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शिखा सचान ने आनुवंशिक विकार (जेनेटिक डिसऑर्डर), गर्भावस्था एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
दूसरे दिन वाराणसी की फैशन डिजाइनर एवं ब्यूटी एक्सपर्ट श्रीमती नायला ने फैशन के साथ सौंदर्य संवर्धन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। तीसरे दिन बीएचयू की टेक्सटाइल डिजाइन विशेषज्ञ डॉ. जसमिन्दर कौर ने टेक्सटाइल डिजाइन के महत्व एवं रोजगार की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं वनमलिनय कॉचर की निदेशिका मिस तरूणा सेठ ने गुणवत्तापूर्ण फिनिशिंग, ब्रांडिंग और रचनात्मकता के माध्यम से परिधानों को सफलतापूर्वक बाजार तक पहुंचाने के गुण बताए। संस्थान की पूर्व छात्रा एवं फैशन डिजाइनर कु. खुशी सेठ ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को संस्थान से मिलने वाले व्यावहारिक एक्सपोजर की जानकारी दी।
ओरिएंटेशन के अंतिम दिन वरिष्ठ छात्राओं ने नवागत छात्राओं को संस्थान में संचालित पाठ्यक्रम की बारीकियों को लगन एवं समर्पण के साथ सीखने की सलाह दी। कार्यक्रम में संस्थान की प्राचार्या श्रीमती प्रीती अग्रवाल एवं डिग्री विभाग की एचओडी श्रीमती बॉबी सिंह ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर संस्थान की समस्त अध्यापिकाएं एवं कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन की घोषणा श्रीमती रागिनी सिंह ने की।


















टिप्पणियाँ