Varanasi News: 51 बटुकों का उपनयन संस्कार सम्पन्न, वैदिक संस्कृति संरक्षण का संदेश | AARCC LIVE NEWS VARANASI
51 बटुकों का उपनयन संस्कार सम्पन्न, वैदिक परंपरा के संरक्षण का लिया संकल्प
वाराणसी, 1 जुलाई 2026। शिवाजी नगर कॉलोनी स्थित श्री स्वामी नारायणानन्द तीर्थ वेद विद्यालय के तत्वावधान में बुधवार को 51 बटुकों का उपनयन संस्कार वैदिक रीति-रिवाजों, वेदमंत्रों के सस्वर उच्चारण और आचार्यों के निर्देशन में श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय वैदिक परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण एवं नई पीढ़ी में उनके प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में पूज्य डॉ. दिव्यचेतन ब्रह्मचारी का सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि उपनयन संस्कार भारतीय जीवन-दर्शन में आत्मानुशासन, ब्रह्मचर्य, ज्ञानार्जन और कर्तव्यपरायणता की औपचारिक दीक्षा है। उन्होंने सभी बटुकों को वेदाध्ययन, संध्योपासना तथा सदाचारपूर्ण जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में विद्यालय के संरक्षक प्रो. श्रीकिशोर मिश्र तथा अध्यक्ष प्रो. रामनारायण द्विवेदी की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रबंध समिति के सदस्य सुनील पाठक, मदन मोहन पाण्डेय, दुष्यंत मिश्र, घनश्याम मिश्र, बब्बन चौबे सहित विद्यालय के आचार्यगण एवं बड़ी संख्या में शिक्षाविद, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रीय सभासद महेंद्र पटेल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
उपनयन संस्कार के उपरांत सभी बटुकों को वैदिक अध्ययन, गुरु-सेवा, शुचितापूर्ण आचरण, राष्ट्र एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. वरुणेश चन्द्र दीक्षित ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान-परंपरा और वैदिक संस्कारों के संरक्षण के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों का निरंतर आयोजन किया जाएगा।







टिप्पणियाँ