27 किलो चांदी की टप्पेबाजी का 11 दिन बाद भी खुलासा नहीं, सर्राफा व्यापारियों में आक्रोश | AARCC LIVE NEWS VARANASI
27 किलो चांदी की टप्पेबाजी का 11 दिन बाद भी नहीं हुआ खुलासा, सर्राफा व्यापारियों में बढ़ा आक्रोश
वाराणसी। वाराणसी में करीब 11 दिन पहले हुई लगभग 27 किलो चांदी की टप्पेबाजी की घटना का अब तक खुलासा नहीं होने से सर्राफा व्यापारियों में पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। व्यापारियों के अनुसार चोरी गई चांदी की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये है। घटना के 11 दिन बीत जाने के बाद भी न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही चोरी गया माल बरामद किया जा सका है।
मामले को लेकर अग्रवाल भवन, सूड़िया में सर्राफा व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और घटना के खुलासे में हो रही देरी को लेकर चिंता जताई। व्यापारियों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी की टप्पेबाजी की घटना के बावजूद अभी तक पुलिस की ओर से कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। इससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
बैठक के बाद सर्राफा व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल चौक थाना पहुंचा और थाना प्रभारी से मुलाकात कर मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के साथ चोरी गई करीब 27 किलो चांदी की बरामदगी की मांग उठाई।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा नहीं किया गया तो आगे की रणनीति तय की जाएगी। जरूरत पड़ने पर व्यापारी बड़े आंदोलन का रास्ता भी अपना सकते हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और आगामी कार्रवाई पर व्यापारियों के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों की भी नजर बनी हुई है।









टिप्पणियाँ