नमो घाट पर ‘फिट इंडिया कार्निवल’ का भव्य आयोजन, स्वास्थ्य और संस्कृति का अनूठा संगम | AARCC LIVE NEWS वाराणसी
रिपोर्ट:- आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी| नमो घाट पर आयोजित फिट इंडिया कार्निवल के पहले दिन स्वास्थ्य, उत्साह और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं और बच्चों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
उद्घाटन सत्र में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के उपनिदेशक शुभांशु द्विवेदी ने कहा कि फिट इंडिया कार्निवल केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त भारत की दिशा में एक जन-आंदोलन है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया मूवमेंट का उद्देश्य फिटनेस को जीवनशैली बनाना है और समाज को इसके प्रति जागरूक करना है।
सायंकालीन सत्र विशेष रूप से आकर्षक रहा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय पैराशूटर और स्वर्ण पदक विजेता सुमेधा पाठक को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को स्वस्थ बनाता है और आत्मविश्वास बढ़ाता है।
कार्यक्रम में बीएचयू के मंच कला संकाय के कलाकारों ने कथक की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं कैलिस्थेनिक्स डेमो, एंकर गेम्स, अखाड़ा प्रदर्शन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को जीवंत बनाए रखा। अंत में लाइव बैंड की प्रस्तुति के साथ कार्निवल का समापन हुआ।









टिप्पणियाँ