श्रृंगेरी मठ में हुआ भव्य रुद्राभिषेक, भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
वाराणसी। वाराणसी स्थित श्रृंगेरी मठ में आज आर्ट ऑफ लिविंग, वाराणसी के तत्वावधान में विधिवत रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की और भगवान शिव की आराधना की।
रुद्राभिषेक का आयोजन श्री संजय शर्मा जी के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस दौरान पंडित उदित नारायण मिश्र जी ने मुख्य अर्चक के रूप में विधिवत पूजा-अर्चना एवं रुद्राभिषेक कराया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दुग्ध एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम का संयोजन आर्ट ऑफ लिविंग की स्टेट कोऑर्डिनेटर श्रीमती रूबी बरनवाल एवं डॉ. अनीता जी सहित अन्य प्रशिक्षकों द्वारा किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य व्यक्तियों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
रुद्राभिषेक के पश्चात बैंगलोर से पधारे प्रसिद्ध गायक श्री वी. अमृत नारायण जी ने भक्तिमय सत्संग एवं भजनों की प्रस्तुति दी। उनके मधुर भजनों और आध्यात्मिक विचारों से श्रृंगेरी मठ का पूरा वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। श्रद्धालु भजनों पर भाव-विभोर होकर भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए।
आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से बताया गया कि योग, ध्यान, प्राणायाम और सत्संग के माध्यम से समाज में शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। श्रृंगेरी मठ में आयोजित यह रुद्राभिषेक एवं सत्संग इसी उद्देश्य की दिशा में एक सुंदर और सार्थक पहल रहा।


















टिप्पणियाँ