डीएवी कॉलेज में स्व. पी.एन. सिंह यादव की 22वीं पुण्यतिथि पर संगोष्ठी, डॉ. सुधा यादव ने सामाजिक न्याय पर रखे विचार | AARCC LIVE NEWS VARANASI
डीएवी पीजी कॉलेज में सामाजिक न्याय के योद्धा स्व. पी.एन. सिंह यादव की 22वीं पुण्यतिथि पर संगोष्ठी
वाराणसी, 25 अगस्त। डी.ए.वी. पी.जी. कॉलेज में मंगलवार को महाविद्यालय के पूर्व प्रबंधक एवं सामाजिक न्याय के योद्धा स्व. पी.एन. सिंह यादव की 22वीं पुण्यतिथि पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। “सामाजिक न्याय और समावेशी नीतियों की अवधारणा” विषय पर आयोजित संगोष्ठी में भाजपा संसदीय बोर्ड एवं केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य तथा पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
डॉ. सुधा यादव ने कहा कि स्व. पी.एन. सिंह यादव सही मायने में सामाजिक न्याय के महान योद्धा थे। उन्होंने शिक्षा को माध्यम बनाकर पिछड़ों और वंचितों को समाज में बराबरी का अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया और इसी लड़ाई में अपना जीवन भी न्योछावर कर दिया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई की शुरुआत हमें स्वयं से करनी होगी। समाज हमें क्या दे रहा है, इससे अधिक महत्वपूर्ण यह है कि हम समाज को क्या लौटा रहे हैं। सामाजिक, आर्थिक रूप से पिछड़े और वंचित लोगों की बिना किसी जातीय, धार्मिक अथवा लैंगिक भेदभाव के मदद करना ही वास्तविक सामाजिक न्याय है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्र सरकार पिछले एक दशक में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जनधन योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से सामाजिक न्याय की अवधारणा को और मजबूती मिली है।
डॉ. सुधा यादव ने कॉलेज परिसर में स्व. पी.एन. सिंह यादव की प्रतिमा न होने पर खेद व्यक्त करते हुए आशा जताई कि आगामी वर्षों में कॉलेज प्रबंधन द्वारा उनकी भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
कार्यक्रम से पूर्व डॉ. सुधा यादव, मंत्री/प्रबंधक अजीत कुमार सिंह यादव एवं अन्य विशिष्टजनों ने स्व. पी.एन. सिंह यादव के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर अजीत कुमार सिंह यादव ने मुख्य अतिथि डॉ. सुधा यादव को स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
स्वागत भाषण उपप्राचार्य प्रो. संगीता जैन ने दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पारूल जैन तथा धन्यवाद ज्ञापन कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. मिश्री लाल ने किया।
इस अवसर पर प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष हरिबंश सिंह, उपप्राचार्य प्रो. राहुल, प्रधानाचार्य अशोक कुमार सिंह, डॉ. आहूति सिंह, डॉ. राजेश झा, डॉ. ऐश्वर्या उपाध्याय, राहुल श्रीवास्तव, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक यादव, सुमित यादव, चन्द्रजीत यादव, सत्यनारायण सिंह ‘छोटू’ सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
वहीं, पुण्यतिथि के अवसर पर डी.ए.वी. इंटर कॉलेज में भी पूर्व प्रबंधक स्व. पी.एन. सिंह यादव को अध्यापकों एवं कर्मचारियों द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया गया।















टिप्पणियाँ