बड़े ही हर्षोल्लास से मनाया गया सातवें तीर्थंकर भगवान सूपार्श्वनाथ का जन्मोत्सव | AARCC LIVE NEWS VARANASI
चांदी के रथ पर निकली भव्य शोभायात्रा, 108 रजत कलशों से हुआ अभिषेक, विश्व शांति की कामना
रिपोर्ट:-आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी। जैन धर्म के सातवें तीर्थंकर भगवान सूपार्श्वनाथ का जन्मोत्सव काशी में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जैन समाज की ओर से भगवान सूपार्श्वनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा, भक्ति संगीत, जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे मार्ग को भक्तिमय वातावरण में बदल दिया।
शोभायात्रा की शुरुआत भेलूपुर स्थित 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ की जन्मस्थली से हुई। चांदी के आकर्षक रथ पर भगवान सूपार्श्वनाथ की मनोहारी प्रतिमा विराजमान थी। मार्ग में श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर नतमस्तक हुए और जगह-जगह रथ पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा विजया सिनेमा, रविंद्रपुरी और शिवाला होते हुए भदैनी स्थित भगवान सूपार्श्वनाथ की जन्मस्थली पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
शोभायात्रा में केसरिया परिधान में महिलाएं तथा सफेद वस्त्रों में पुरुष, युवा और बच्चे भक्ति गीत गाते हुए चल रहे थे। महिलाओं द्वारा प्रस्तुत भजन "तुमसे लागी लगन, ले लो अपनी शरण, पारस प्यारा, मेटो-मेटो जी संकट हमारा" ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे मार्ग में भगवान के जयघोष और धार्मिक गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
भदैनी स्थित मंदिर परिसर में भगवान सूपार्श्वनाथ का 108 रजत कलशों से विधिवत अभिषेक एवं पूजन किया गया। इस दौरान देश और विश्व में शांति, समृद्धि तथा मानव कल्याण की कामना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भगवान से सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन का आशीर्वाद प्राप्त किया।
जैन समाज के उपाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि शोभायात्रा का संचालन प्रधानमंत्री प्रदीप जैन ने किया, जबकि संपूर्ण आयोजन का नेतृत्व समाज के अध्यक्ष ऋषभ चंद्र जैन ने किया। कार्यक्रम के अंत में छेदीलाल दिगंबर जैन मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी प्रदीप कुमार जैन ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर जैन समाज के उपाध्यक्ष अरुण कुमार जैन, संजय जैन, कोषाध्यक्ष सौरभ जैन, प्रचार मंत्री किशोर जैन, संरक्षक विनय जैन तथा मंत्रीगण राहुल जैन, प्रतीक जैन, पवन जैन, आलोक जैन, प्रमोद बागड़ा, विवेकानंद जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न राज्यों से आए जैन धर्मावलंबियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर जन्मोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
Youtube channel ( विडिओ देखें )









टिप्पणियाँ