मनमानी फीस और शिक्षा के व्यापारीकरण के खिलाफ हिन्दू युवा वाहिनी करेगी प्रेस वार्ता | AARCC LIVE NEWS VARANASI
वाराणसी। निजी विद्यालयों द्वारा मनमाने ढंग से फीस वृद्धि, शिक्षा के बढ़ते व्यापारीकरण तथा शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर हिन्दू युवा वाहिनी महानगर वाराणसी ने प्रेस वार्ता आयोजित की है। संगठन का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ती अनियमितताओं और प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ जनजागरण एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।
[ विडियो देखें ]
हिन्दू युवा वाहिनी के महानगर मंत्री अभिषेक "गोलू" श्रीवास्तव ने बताया कि हाल ही में लखनऊ में हुए अग्निकांड ने प्रदेशभर को झकझोर दिया। इस दुर्घटना के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और वाराणसी में भी विभिन्न विभागों द्वारा जांच अभियान चलाया गया, जिसमें दो दिनों के भीतर 35 से अधिक कोचिंग संस्थानों को मानकों के विपरीत पाए जाने पर सील किया गया।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इन संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं थीं तो वे वर्षों से प्रशासन की निगरानी में कैसे संचालित होते रहे। संगठन का आरोप है कि प्रशासनिक कार्रवाई फिलहाल केवल कोचिंग संस्थानों तक सीमित दिखाई दे रही है, जबकि शहर में बड़ी संख्या में ऐसे निजी विद्यालय भी संचालित हो रहे हैं जो अग्निशमन सुरक्षा, भवन मानकों और अन्य आवश्यक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
हिन्दू युवा वाहिनी का दावा है कि पिछले डेढ़ वर्ष से विभिन्न स्तरों पर शिकायतें और संघर्ष किए जाने के बावजूद ऐसे विद्यालयों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। संगठन ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
संगठन ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं को उजागर करने, प्रशासन की जवाबदेही तय करने तथा छात्रों और अभिभावकों के हितों की रक्षा के लिए प्रेस वार्ता आयोजित की जा रही है। इस दौरान आगे भी शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
अभिषेक "गोलू" श्रीवास्तव ने मीडिया संस्थानों से इस जनहित के विषय को प्रमुखता से उठाने और आम जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया है।






टिप्पणियाँ