नेपाली माता भगवती धाम में 51वें श्री शतचण्डी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब | AARCC LIVE NEWS VARANASI
रिपोर्ट/आलोक चतुर्वेदी/सचिन देव
वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के छीतमपुर स्थित प्रसिद्ध नेपाली माता भगवती धाम में आयोजित 51वें श्री शतचण्डी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा नेपाली माता भगवती धाम से प्रारंभ होकर श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर, ढकवा स्थित गंगा तट पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने वैदिक विधि-विधान के अनुसार गंगाजल भरकर कलशों का पूजन किया। इसके बाद भव्य शोभायात्रा के रूप में कलशों को पुनः नेपाली माता भगवती धाम लाया गया, जहां विधिवत स्थापना एवं पूजन संपन्न कराया गया। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में जयकारों, भजन-कीर्तन और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
आयोजन समिति के अनुसार यह धार्मिक अनुष्ठान 22 जून से प्रारंभ होकर 30 जून तक चलेगा। प्रतिदिन सायं 4 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं को श्रीधाम वृंदावन के पूज्य योगी राममुनि जी महाराज कथा श्रवण कराएंगे।
【 वीडियो देखें 】
महायज्ञ का यज्ञ पूजन श्रीधाम अयोध्या के पूज्य राजेन्द्रानन्द जी महाराज के निर्देशन में संपन्न होगा। वहीं करशलालय धाम, जौनपुर के पूज्य श्री श्री 1008 श्री मोदी गिरि नागा बाबा का विशेष सानिध्य भी श्रद्धालुओं को प्राप्त होगा।
आयोजन के अंतर्गत 24 जून को अरणि मंथन, प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक यज्ञ-हवन तथा 29 जून को पूर्णाहुति का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात 30 जून को 64 गांवों के श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही महायज्ञ एवं भंडारे के सफल आयोजन हेतु अन्न, घी, चावल, जौ, तिल, गुड़ एवं अन्य सामग्री के सहयोग का भी अनुरोध किया गया है|









टिप्पणियाँ