बनारस में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ‘समागति कैंसर सेंटर’ का भव्य उद्घाटन | AARCC LIVE NEWS VARANASI
कैंसर मरीजों को अब वाराणसी में ही मिलेगा आधुनिक इलाज, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रहेगी उपलब्ध
रिपोर्ट/आलोक चतुर्वेदी / सचिन देव
वाराणसी। काशी की पावन धरती पर कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त समागति कैंसर सेंटर का उद्घाटन चुनार रोड स्थित काशी हॉस्पिटल, भिखारीपुर में किया गया। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे। उनके साथ वाराणसी के मेयर अशोक तिवारी एवं के. वेंकटेश रमन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं पूजन-वंदन के साथ किया गया। समारोह की अध्यक्षता काशी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. टी.पी. सिंह ने की, जबकि मंच संचालन आकांक्षा रॉय एवं इंजीनियर शैलेश गुप्ता द्वारा किया गया।
स्वागत भाषण में कहा गया कि समागति कैंसर सेंटर काशी सहित पूर्वांचल के लोगों के लिए कैंसर चिकित्सा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। संस्थान का उद्देश्य केवल आधुनिक चिकित्सा उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों तक भी बेहतर इलाज पहुंचाना है।
समागति कैंसर सेंटर के निदेशक डॉ. सतीश शर्मा ने कहा कि “समागति” का अर्थ समागम होता है और इसी भावना के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने के लिए एकजुट हुई है। उन्होंने कहा कि लोगों के मन से यह डर निकालना आवश्यक है कि कैंसर लाइलाज बीमारी है। सही समय पर जांच और इलाज से कैंसर का सफल उपचार संभव है।
कैंसर विशेषज्ञ डॉ. आशीष उपाध्याय ने बताया कि पहले कैंसर का इलाज केवल कीमोथेरेपी तक सीमित माना जाता था, लेकिन अब टारगेट थेरेपी समेत कई आधुनिक उपचार पद्धतियां उपलब्ध हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि मरीज को घर पर छिपाकर न रखें, बल्कि समय रहते अस्पताल लेकर आएं क्योंकि कैंसर का इलाज संभव है।
वहीं डॉ. हर्षिता ने कहा कि कैंसर का उपचार केवल एक मरीज को ठीक करना नहीं, बल्कि पूरे परिवार को सुरक्षित करना है। उन्होंने लोगों से बिना शर्म या भय के नियमित जांच कराने की अपील की।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पहले बनारस में कैंसर के इलाज की पर्याप्त सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन प्रधानमंत्री के प्रयासों से शहर में कैंसर उपचार की दिशा में बड़े कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि समागति कैंसर सेंटर का उद्घाटन वाराणसी में कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और यह आने वाले समय में हजारों मरीजों के लिए वरदान साबित होगा।
समागति कैंसर सेंटर में कैंसर से संबंधित सभी प्रकार की जांच एवं उपचार की अत्याधुनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गई हैं। यहां आधुनिक मशीनों एवं नई तकनीकों के माध्यम से मरीजों का इलाज किया जाएगा।
इस सेंटर में प्रसिद्ध कैंसर विशेषज्ञ डॉ. सतीश शर्मा (डीएम मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट), डॉ. आशीष उपाध्याय (डीएम मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट एवं हेमाटो ऑन्कोलॉजिस्ट) तथा डॉ. अविनाश उपाध्याय सहित अनुभवी चिकित्सकों की टीम मरीजों का उपचार करेगी।
शिव की नगरी काशी में शुरू हुआ यह कैंसर सेंटर इस संकल्प के साथ कार्य करेगा कि मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े और उन्हें बनारस में ही संपूर्ण एवं सफल उपचार उपलब्ध हो सके।






















टिप्पणियाँ