गेल उत्कर्ष सुपर 80 की बेटियों ने रचा इतिहास, जेईई मेंस 2026 में 100% सफलता | AARCC LIVE NEWS वाराणसी
विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में बेटियों को मिल रहा नया आसमान
रिपोर्ट:- आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी। शिक्षा में समान अवसर और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करते हुए गेल उत्कर्ष सुपर 80, वाराणसी ने एक बार फिर शानदार सफलता हासिल की है। गेल (इंडिया) लिमिटेड की कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) पहल के अंतर्गत संचालित इस आवासीय कोचिंग केंद्र की सभी 30 छात्राओं ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेंस 2026 उत्तीर्ण कर लिया है। इसके साथ ही सभी छात्राएं अब संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) एडवांस्ड के लिए पात्र हो गई हैं। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब केंद्र ने शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है।
इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं में पांच छात्राओं ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इनमें जाह्नवी गुप्ता ने 98.43 प्रतिशत अंक हासिल कर केंद्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वर्ष 2021 में स्थापित वाराणसी केंद्र, सीएसआरएल के सहयोग से संचालित हो रहा है, जहां 11 माह की निःशुल्क आवासीय कोचिंग के अंतर्गत 30 छात्राएं इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा तथा 50 छात्राएं चिकित्सा प्रवेश परीक्षा की तैयारी करती हैं। छात्राओं का चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया जाता है, जिसमें ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की प्रतिभाओं को प्राथमिकता दी जाती है। इसके लिए वार्षिक आय सीमा ₹4 लाख रुपये निर्धारित है।
इस पहल की शुरुआत वर्ष 2009 में कानपुर से हुई थी, जिसे आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2018 में हल्द्वानी तक विस्तारित किया गया। वाराणसी केंद्र, गेल का पहला पूर्णतः बालिका आवासीय केंद्र है, जिससे अब तक 121 छात्राएं लाभान्वित हो चुकी हैं। इनमें से 25 छात्राओं का चयन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में, 33 का राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों में तथा 50 छात्राओं का राज्य के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में हुआ है।
यह पहल बेटियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी और गणित जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है। इस वर्ष की सफलता यह सिद्ध करती है कि उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर मिलने पर बेटियां भी हर ऊंचाई को छू सकती हैं।





टिप्पणियाँ