अनएकेडमी ‘उफोरिया’ एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन, विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन 📚 | AARCC LIVE VARANASI
रिपोर्ट:- आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी, 26 मार्च 2026। दुर्गाकुंड स्थित कुमार एडुटेक (Unacademy) सेंटर में गुरुवार को ‘उफोरिया इवेंट एवं ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षाविदों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को प्रेरित करना और उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान करना था।
नए कोचिंग सेंटर के उद्घाटन के अवसर पर अनएकेडमी के निदेशक और शिक्षकगणों ने सभी अतिथियों एवं छात्रों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र केवल किताबों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने का एक मजबूत मंच बनेगा। यहां छात्रों की क्षमताओं को निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सही दिशा में मेहनत करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राहुल सिंह (सचिव, संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल) रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए कठिनाइयों से घबराना नहीं चाहिए। निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन ही विद्यार्थियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाता है।
इस अवसर पर प्रांजल मिश्रा, जिन्होंने जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) मेन में 99.59 पर्सेंटाइल हासिल किया है, ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि अनएकेडमी के शिक्षकों और मेंटरशिप की मदद से उन्हें यह सफलता मिली।
कार्यक्रम में डॉ. प्रितेश जायसवाल (सेंटर डायरेक्टर, अनएकेडमी वाराणसी) ने घोषणा की कि अब वाराणसी के विद्यार्थियों को एक ही छत के नीचे बेहतरीन शिक्षक और मेंटरशिप की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही योग्य एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों और बालिकाओं के लिए विशेष स्कॉलरशिप की भी व्यवस्था की जाएगी।
इस दौरान अनएकेडमी हेड ऑफिस से आए सिद्धार्थ मेहता ने भी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और कहा कि सही मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास के साथ कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम का सफल आयोजन ज़ैद आलम के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि ‘उफोरिया’ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सही दिशा और प्रेरणा देना है, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।












टिप्पणियाँ