देवी जागरण में भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु | माँ दुर्गा के जयकारों से गूंजा बृज इनक्लेव 🔔 | AARCC LIVE NEWS VARANASI
मातृ शक्ति के सम्मान से ही समाज का विकास संभव – डॉ. एस. गिरि
वाराणसी। बृज इनक्लेव कॉलोनी स्थित मुंशी प्रेमचंद पार्क में बृज इनक्लेव समाजसेवी एसोसिएशन द्वारा महानवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य देवी जागरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायकों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण में झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत यजमान रवि प्रकाश उपाध्याय ‘बबलू महाराज’ एवं अनिता उपाध्याय द्वारा 11 विद्वान ब्राह्मणों के साथ माँ दुर्गा की विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना से हुई। मुख्य अतिथि नगर प्रमुख अशोक तिवारी, विशिष्ट अतिथि एडीजे वाराणसी संतोष खरवार, पूर्व सांसद डॉ. राजेश कुमार मिश्र तथा बीएलडब्ल्यू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी रामजन्म चौबे ने माँ दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. एस. गिरि व उपाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार पाठक ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके पश्चात सुर संग्राम के विजेता भजन गायक मंटू मिश्रा, प्रियंका पांडेय एवं अर्चना तिवारी ने अपने मधुर देवी गीतों से उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष डॉ. एस. गिरि, उपाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार पाठक एवं संरक्षक रवि प्रकाश उपाध्याय ‘बबलू महाराज’ ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्रवासियों की एकता और सहभागिता का प्रतीक है। डॉ. गिरि ने कहा कि मातृ शक्ति के सम्मान से ही समाज का समग्र विकास संभव है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से कॉलोनी की जर्जर सड़कों को ठीक कराने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने तथा अराजक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कार्यक्रम का संचालन सुभाष चंद्र गोस्वामी ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. एस. गिरि ने किया। इस अवसर पर ई. योगेंद्र सिंह, ई. जी.एस. पांडेय, ई. के.एन. चौबे, ई. डी.एन. चौबे, रीना मिश्रा, आर.बी. सिंह, ई. ए.के. सिंह, महेश दूबे, प्रो. प्रद्युम्न दूबे, प्रो. जयकांत तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।











टिप्पणियाँ