रिपोर्ट:- आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी। काशी जेसीज़ चैरिटेबल ट्रस्ट एवं जेसीआई काशी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “काशी लीडरशिप एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026” का तृतीय संस्करण रविवार को मलदहिया स्थित होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
इस वर्ष कार्यक्रम को “नारी सम्मान वर्ष” के रूप में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली पांच महिला प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लोकप्रिय टीवी हस्ती और शार्क टैंक उद्यमी शैली मेहरोत्रा विशेष आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी अनिल रस्तोगी ने स्वागत भाषण दिया। जेसीआई काशी की अध्यक्ष एकता खन्ना ने युवाओं की अपेक्षाओं पर अपने विचार व्यक्त किए, जबकि ट्रस्ट सचिव राजेश सोनी ने संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति सदैव पूजनीय रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान और अवसर देना ही सशक्त समाज और राष्ट्र की पहचान है। ऐसे आयोजन प्रतिभाओं को सम्मान देने के साथ समाज में सकारात्मक सोच को भी प्रोत्साहित करते हैं।
इस अवसर पर डॉ. अंकिता पटेल को स्वास्थ्य सेवा एवं जागरूकता, शैली मेहरोत्रा को उद्यमिता, डॉ. सारिका श्रीवास्तव को शिक्षा एवं शोध, सुमेधा पाठक को खेल एवं आत्मनिर्भरता तथा सोना कपूर को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मानपत्र व शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सभी प्रतिभाओं ने अपने विचार साझा किए। डॉ. अंकिता पटेल ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया, जबकि शैली मेहरोत्रा ने महिलाओं के लिए उद्यमिता के क्षेत्र में असीम संभावनाओं की बात कही। डॉ. सारिका श्रीवास्तव ने शिक्षा और शोध को समाज के विकास का आधार बताया। अंतर्राष्ट्रीय पैरा शूटर सुमेधा पाठक ने अनुशासन और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया, वहीं सामाजिक कार्यकर्ता सोना कपूर ने सेवा भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन अनिल के. जाजोदिया ने किया तथा सीए पी. के. अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के संयोजक दिव्येश मेहता व हर्षित डिडवानिया तथा समन्वयक पंकज अग्रवाल रहे। इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह आयोजन वाराणसी में नारी सशक्तिकरण और नेतृत्व विकास को बढ़ावा देने वाली एक प्रेरणादायी पहल के रूप में सराहा गया।









टिप्पणियाँ