AARCC LIVE VARANASI || विशाल शोभा यात्रा व समष्टि भंडारे के साथ तिरोधन निर्वाण तिथि महोत्सव संपन्न – स्वामी शूद्धानंद तीर्थ
रिपोर्ट:- आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी। काशी स्थित काशी कामरूप मठ में आयोजित दो दिवसीय तिरोधन निर्वाण तिथि महोत्सव का समापन विशाल शोभा यात्रा एवं समष्टि भंडारे के साथ श्रद्धा और भक्ति भाव से संपन्न हुआ। यह महोत्सव परम पूज्य ब्रह्मलीन स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज एवं परम पूज्य ब्रह्मलीन स्वामी बाणेश्वरानंद तीर्थ महाराज की पावन तिरोधन तिथि पर आयोजित किया गया।
महोत्सव के द्वितीय दिवस भगवान पूर्ण ईश्वर का विधिवत अभिषेक किया गया। तत्पश्चात गुरुजी के चलचित्र के माध्यम से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो कामरूप मठ से प्रारंभ होकर मणिकर्णिका घाट, हरिश्चंद्र घाट होते हुए राजेंद्र प्रसाद घाट तक पहुंची। वहां से नौका द्वारा श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए पुनः मठ पहुंचे। संपूर्ण यात्रा के दौरान ‘राम-कृष्ण’ के भजनों और हरिनाम संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मठ पहुंचने पर गुरुजी का विशेष पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर काशी के विभिन्न मठों के 100 से अधिक संन्यासियों का समष्टि भिक्षा कार्यक्रम आयोजित हुआ। श्रद्धालुओं ने संत-महात्माओं का पूजन कर उन्हें दक्षिणा, फल, वस्त्र एवं मिष्ठान अर्पित किया।
महोत्सव में स्वामी शूद्धानंद तीर्थ, स्वामी जपेश्वरानंद तीर्थ, आनंद स्वरूप मणिदीप, ब्रह्मचारी सुधा स्वामी सहित विभिन्न मठों के महंतगण उपस्थित रहे। संध्या समय भव्य संगीत संध्या एवं समापन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मठ के सहयोगी के रूप में डॉ. पवन कुमार शुक्ला, डॉ. शंभु लाल शर्मा, बापन मंडल, प्रशांत जी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। साथ ही कोलकाता, बिहार, महाराष्ट्र एवं राजस्थान से बड़ी संख्या में शिष्य एवं श्रद्धालु पधारे और दो दिवसीय आयोजन में सम्मिलित होकर गुरुजी का आशीर्वाद ग्रहण किया।
स्वामी शूद्धानंद तीर्थ ने कहा कि गुरु परंपरा का संरक्षण और संतों का समागम ही सनातन संस्कृति की आत्मा है। ऐसे आयोजन आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का माध्यम बनते हैं।








टिप्पणियाँ