खादी प्रदर्शनी में उमड़ी भीड़, स्थानीय उत्पादों को मिला प्रोत्साहन
रिपोर्ट:- आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी। जिला उद्योग केंद्र, चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय ‘खादी महोत्सव 2026’ गुरुवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। ‘नवयुग खादी—परंपरा से प्रगति की राह’ थीम पर आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार ने किया।
महोत्सव में विभिन्न जिलों से आए खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। खादी वस्त्र, हस्तशिल्प, प्राकृतिक उत्पाद तथा ग्रामीण उद्योग से निर्मित सामग्री ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। बड़ी संख्या में शहरवासियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर खादी उत्पादों की खरीदारी की।
अपने संबोधन में श्री मनोज कुमार ने कहा कि खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और स्वदेशी भावना का प्रतीक है। उन्होंने कारीगरों और उद्यमियों को आधुनिक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पाद तैयार करने के लिए प्रेरित किया।
आयोजन के दौरान ‘माय खादी, माय प्राइड’ एवं ‘विकसित भारत’ के संदेश को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के महोत्सव से स्थानीय कारीगरों को बाजार उपलब्ध होता है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।





टिप्पणियाँ