रिपोर्ट/आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी | 30 दिसंबर 2025
विगत लगभग दस वर्षों से उत्तर प्रदेश भाईचारा कमेटी चाइनीज़ मंझे के विरुद्ध लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। चाइनीज़ मंझा आए दिन जानलेवा दुर्घटनाओं का कारण बन रहा है। किसी घटना के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन तात्कालिक रूप से सक्रिय तो होता है, परंतु कुछ समय बाद पुनः मौत के सौदागर अपने अवैध धंधे में लग जाते हैं, जिससे यह समस्या स्थायी रूप से समाप्त नहीं हो पा रही है।
इस संबंध में कमेटी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे इस बात पर विशेष निगरानी रखें कि उनके बच्चे किस प्रकार के मंझे का प्रयोग कर रहे हैं। यदि अभिभावक सजग रहें और बच्चों द्वारा उपयोग किए जा रहे मंझे की जानकारी रखें, तो इस जानलेवा मंझे पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। बच्चों को चाइनीज़ मंझा कहां से मिल रहा है, इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को गुप्त रूप से दी जा सकती है।
प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में चाइनीज़ मंझे के विरोध में गिरजाघर चौराहे के आसपास जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों से चाइनीज़ मंझे के पूर्ण बहिष्कार की अपील की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को पतंग और परंपरागत भारतीय मंझा वितरित किया गया तथा उन्हें यह संकल्प दिलाया गया कि वे चाइनीज़ मंझे का प्रयोग नहीं करेंगे और सुरक्षित भारतीय मंझे से ही पतंग उड़ाएंगे।
इस अवसर पर रोटी क्लब बनारस के पूर्व अध्यक्ष अनिकेश चंद्र गुप्ता ‘गुंजन’ ने कहा कि समाज में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। भारतीय मंझे से पतंग उड़ाना न केवल सुरक्षित है, बल्कि यह समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश भी देता है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, व्यापार मंडलों एवं सामाजिक संस्थाओं से इस मुहिम में आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अजय श्रीवास्तव, महेश चंद माहेश्वरी, शकील अहमद जादूगर, के.पी. दुबे, बच्चा कुशवाहा, रवि सेठ, अमीर हैदर, भोलू, महेश यादव, मुकुंद यादव, राजू अग्रवाल, धीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।







टिप्पणियाँ