डी.ए.वी. पी.जी. कॉलेज में उर्दू शायरों व साहित्यकारों की फोटो गैलरी का उद्घाटन | AARCC LIVE NEWS VARANASI
रिपोर्ट/आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी।
पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती की पूर्व संध्या पर डी.ए.वी. पी.जी. कॉलेज, वाराणसी के उर्दू विभाग में उर्दू भाषा के प्रसिद्ध शायरों एवं साहित्यकारों की फोटो गैलरी का भव्य उद्घाटन किया गया। गैलरी का उद्घाटन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मिश्री लाल एवं प्रबंधक माननीय अजीत कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. मिश्री लाल ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी भाषा के महान साहित्यकार और शायर उस देश की सांस्कृतिक एवं साहित्यिक धरोहर के निर्माता होते हैं। उनके योगदान, रचनाओं और स्मृतियों को संरक्षित करना समाज और शिक्षा जगत का दायित्व है। उन्होंने कहा कि साहित्यकारों और शायरों की फोटो गैलरी केवल चित्रों का संग्रह नहीं होती, बल्कि यह साहित्य, इतिहास और संस्कृति का दृश्य अभिलेख (विज़ुअल आर्काइव) होती है, जो अतीत को वर्तमान से जोड़ते हुए भविष्य को दिशा देती है।
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार की पहल शैक्षणिक वातावरण को समृद्ध बनाती है तथा विद्यार्थियों को साहित्यिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करती है। इससे छात्रों में साहित्य के प्रति जिज्ञासा, रुचि और वैचारिक दृष्टि का विकास होता है।
उद्घाटन समारोह से पूर्व अतिथियों का स्वागत पौधारोपण के माध्यम से किया गया। उर्दू विभाग की ओर से डॉ. शमशीर अली ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में कॉलेज की संयुक्त उप-प्राचार्य प्रो. संगीता जैन, प्रो. राहुल, प्रो. संजय कुमार सिंह, डॉ. तरु सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।
फोटो गैलरी के उद्घाटन से उर्दू विभाग में साहित्यिक चेतना को नया आयाम मिला है, जिसे विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सराहा।






टिप्पणियाँ