रिपोर्ट:आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी, 29 दिसम्बर 2025
अर्बन हाट प्रांगण,चौकाघाट में उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा आयोजित खादी एवं ग्रामोद्योग तथा एक जनपद एक उत्पाद उत्सव 2025-26 का आज विधायक परिषद सदस्य श्री धर्मेंद्र राय के सौजन्य से दिव्यता और भव्यता के साथ सफल समापन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुआ। इस अवसर पर खादी उत्पादकों और दुकानदारों को सम्मानित किया गया तथा माटी कला टूल्स किट वितरण योजना के अंतर्गत 50 लाभार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक चाक और 9 को पगमिल वितरण किया गया।
मंडल स्तरीय पुरस्कार योजना के तहत तीन लाभार्थियों को चेक भी प्रदान किए गए।
श्री धर्मेंद्र राय ने कहा,“खादी केवल वस्त्र नहीं, एक विचारधारा है।” उन्होंने कहा कि सरकार की खादी बोर्ड योजनाएं ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने में मदद कर रही हैं। उन्होंने ग्राहकों से अपील की कि वे स्थानीय उत्पादों को अपनाकर “वोकल फॉर लोकल” अभियान को सशक्त बनाएं।
अपर आयुक्त (उद्योग) श्री उमेश कुमार सिंह ने बताया कि खादी प्रदर्शनी ने ओडीओपी और वोकल फॉर लोकल पहलों को नई दिशा दी है। वहीं,परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी श्री यू.पी. सिंह ने बताया कि इस 10 दिवसीय आयोजन में खादी और ग्रामोद्योग के 125 स्टॉलों ने कुल 2.23 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की। इनमें सूती, ऊनी, सिल्क खादी वस्त्र, जूट बैग, मखाना, कश्मीरी ड्राई फ्रूट्स, अचार, अगरबत्ती और साबुन प्रमुख रहे।
हर शाम आयोजित हुए लोकगीत, भजन और कवि सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों ने खादी की विचारधारा और भारतीय लोक संस्कृति को नई प्राणवत्ता दी। समापन अवसर पर मीडिया प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए श्री यू.पी. सिंह ने उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी चंदौली श्री गिरजा प्रसाद यादव, जौनपुर के श्री वी.के. सिंह,भदोही के श्री राजेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।








टिप्पणियाँ