वाराणसी:रिपोर्ट/आलोक चतुर्वेदी
महामना मालवीय मिशन शहर इकाई, वाराणसी के तत्वावधान में भारतरत्न महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की 164वीं जयंती का आयोजन बुधवार को गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे मंच सज्जा के साथ हुआ।
इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का काशी हिंदू विश्वविद्यालय की कुलगीत के साथ पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। स्वागत भाषण महामना मालवीय मिशन शहर इकाई के संगठन मंत्री श्री ओम प्रकाश शुक्ला ने दिया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पांच विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
विषय प्रवर्तन एवं संस्था के उद्देश्यों पर डॉ. हरेन्द्र राय, सदस्य शिक्षा आयोग एवं पूर्व छात्र बीएचयू ने अपने विचार रखे।
वक्ता सत्र में प्रो. अरविंद जोशी, प्रो. गुलाब चंद्र जायसवाल (विशिष्ट अतिथि), श्री हर्ष सिंह (अध्यक्ष, महामना मालवीय मिशन शहर इकाई, वाराणसी) तथा मुख्य अतिथि प्रो. हरिकेश सिंह ने महामना मालवीय जी के राष्ट्र निर्माण, शिक्षा एवं सामाजिक समरसता में दिए गए अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में मंचासीन मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया।
धन्यवाद ज्ञापन विपिन शंकर गुप्ता, कोषाध्यक्ष, महामना मालवीय मिशन शहर इकाई, वाराणसी ने किया। समापन वंदेमातरम् के साथ हुआ, जिसके पश्चात मध्याह्न भोज का आयोजन किया गया।








टिप्पणियाँ