वाराणसी के बंगाली टोला इंटर कॉलेज में पंडित हरिराम द्विवेदी निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं का हुआ सम्मान
वाराणसी:रिपोर्ट/आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी|20 नवंबर 2025,युवा पीढ़ी में साहित्यिक रुचि विकसित करने के उद्देश्य से पंडित हरिराम द्विवेदी भोजपुरी साहित्य शोध सन्यास द्वारा आयोजित निबंध प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को आज गुरुवार को बंगाली टोला इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता 8 एवं 11 नवंबर को आयोजित हुई थी, जिसमें हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों ने प्रसिद्ध साहित्यकार स्वर्गीय पंडित हरिराम द्विवेदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर निबंध लिखकर प्रतिभाग किया था।
समारोह के मुख्य अतिथि सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. विश्वनाथ दुबे तथा विशिष्ट अतिथि लोक भूषण सम्मान से अलंकृत साहित्यकार डॉ. जयप्रकाश मिश्रा, बंगाली टोला इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. बृजेश मणि पांडे, सूड़िया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अखिलेश तिवारी, उदय प्रताप कॉलेज के प्रोफेसर एवं साहित्यकार डॉ. रामसुधार सिंह तथा केमिस्ट्री के प्रवक्ता सुनील सिंह ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और स्मृति-चिन्ह प्रदान किए।
पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के खिले चेहरे
विजेता छात्र:
कक्षा 12 के रणजीत कुमार – प्रथम
कक्षा 11 के ओम बिन्द – द्वितीय
कक्षा 11 के आर्यन सिंह – तृतीय
कक्षा 12 के उत्कर्ष गुप्ता एवं रोहन कनौजिया – सांत्वना पुरस्कार
प्रतियोगिता में शामिल कक्षा 10 और 12 के सभी विद्यार्थियों को भी प्रमाणपत्र दिए गए।
मुख्य अतिथि डॉ. दुबे ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को साहित्य के प्रति जागरूक करना तथा काशी की साहित्यिक धरोहर को आगे बढ़ाना है। डॉ. जयप्रकाश मिश्रा और डॉ. रामसुधार सिंह ने कहा कि काशी में ऐसी पहल युवाओं के बीच साहित्य के प्रति रुचि को प्रोत्साहित करती है और उन्हें साहित्य के गहराई से जोड़ती है।
समारोह की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष रामानंद तिवारी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय पंडित हरिराम द्विवेदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अतिथियों का स्वागत महासचिव अरुण कुमार द्विवेदी एवं कोषाध्यक्ष राजेश कुमार द्विवेदी ने किया। संचालन शिक्षक दिनेश कुमार तिवारी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन लालमणि सेठ ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर समाजसेवी रामयश मिश्र, योगी विनय कुमार मिश्रा, गौतम अरोड़ा, शरद जी, मृत्युंजय दीक्षित, अखिलेंद्र त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





टिप्पणियाँ