वाराणसी | चौलापुर शहीद स्मारक पर राष्ट्रीय ध्वज न लगने से ग्रामीणों में रोष, संगठन ने जिलाधिकारी को दिया ज्ञापन
वाराणसी। रिपोर्ट/आलोक चतुर्वेदी
वाराणसी जनपद के चौलापुर स्थित ऐतिहासिक शहीद स्मारक पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों के सम्मान में अब तक राष्ट्रीय ध्वज न लगाए जाने को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और पूर्वांचल किसान संगठन ने कड़ा एतराज़ जताया है। संगठन के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह डोभी ने इस संबंध में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपते हुए तुरंत ध्वज लगवाने की मांग की है।
संगठन का कहना है कि देश को आज़ाद हुए इतने वर्षों बाद भी शहीदों के सम्मान में चौलापुर के इस स्मारक पर राष्ट्रीय ध्वज न लगाना बेहद दुखद है। ज्ञापन में बताया गया कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों सहित कई बड़े नेता यहां आते रहे, लेकिन आज तक शहीदों के सम्मान में कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि हर वर्ष 17 अगस्त को यहां उन पांच वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया जाता है, जिन्होंने 1942 के ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ के दौरान चौलापुर थाने में भारतीय तिरंगा फहराने का प्रयास किया था और अंग्रेज़ी पुलिस द्वारा गोली मारकर शहीद कर दिए गए थे। इनके नाम हैं—
1. शहीद राम नरेश उपाध्याय
2. शहीद पंचम राम
3. शहीद राम दयाल पटेल
4. शहीद हरी रामराज
5. शहीद निरुत पटेल
संगठन ने आरोप लगाया कि शहीद स्मारक पर न तो तिरंगा लगाया जाता है और न ही 17 अगस्त को शहीदों को सलामी देने का कोई आधिकारिक कार्यक्रम आयोजित होता है, जिससे ग्रामीणों में गहरा असंतोष है।
अंत में संगठन ने मांग की कि शहीदों के बलिदान को ध्यान में रखते हुए चौलापुर शहीद स्मारक पर स्थायी रूप से सबसे ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए तथा हर वर्ष 17 अगस्त को पुलिस प्रशासन द्वारा शहीदों को औपचारिक श्रद्धांजलि दी जाए।



टिप्पणियाँ