वाराणसी। श्री अग्रसेन कन्या पी.जी. कॉलेज में 15 नवंबर 2025 को 52वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और महाराज श्री अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और कुलगीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार, स्टांप, न्यायालय शुल्क एवं पंजीकरण विभाग) श्री रविंद्र जायसवाल, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि प्रो. अजीत कुमार शुक्ला एवं विशिष्ट अतिथि श्री संतोष अग्रवाल का स्वागत महाविद्यालय के अध्यक्ष श्री दीपक अग्रवाल, प्रबंधक डॉ. मधु अग्रवाल, सहायक मंत्री डॉ. रूबी साह एवं प्राचार्य प्रो. मिथिलेश सिंह ने अंग वस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर किया। मुख्य अतिथि श्री जायसवाल ने कहा कि स्त्री शिक्षा के क्षेत्र में इस महाविद्यालय की भूमिका सराहनीय रही है और यहां की छात्राएं शिक्षा के माध्यम से देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कामना की कि भविष्य में यह संस्थान विश्वविद्यालय का रूप ले और महिला शिक्षा को और सशक्त करे।
प्रो. अजीत कुमार शुक्ला ने कहा कि यह प्रदेश का पहला स्वायत्तशासी महिला महाविद्यालय है और यहां की छात्राएं देश-विदेश में अपने शिक्षण-संस्कार से संस्थान का गौरव बढ़ा रही हैं। श्री संतोष अग्रवाल ने कहा कि यह दिन उन दूरदर्शी व्यक्तियों को स्मरण करने का अवसर है जिनके प्रयासों से यह संस्था स्थापित हुई।अध्यक्ष श्री दीपक अग्रवाल ने कहा कि महाविद्यालय की निरंतर प्रगति शिक्षकों व प्रबंध तंत्र की निष्ठा का परिणाम है और यदि यही समर्पण बना रहा तो संस्थान का भविष्य और भी उज्ज्वल होगा। प्रबंधक डॉ. मधु अग्रवाल ने बताया कि छात्राएं शिक्षा, खेल, एनसीसी और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, एकल व समूह नृत्य-गायन और विभिन्न व्यंजनों के स्टाल से उत्सव का वातावरण सृजित किया। मिशन शक्ति के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. आभा सक्सेना ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रूबी साह ने दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुआ।इस अवसर पर प्रबंध तंत्र के साथ महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


टिप्पणियाँ